9 सितम्बर: कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने मंगलवार को कुल्लू बस अड्डे से 15 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन बसों के संचालन से कुल्लू-मनाली घाटी में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय लोगों और पर्यटकों को आरामदायक, सुरक्षित एवं प्रदूषण मुक्त परिवहन सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल को ‘ग्रीन स्टेट’ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने में मदद मिलेगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि कुल्लू-मनाली घाटी में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं, ऐसे में पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था बेहद महत्वपूर्ण है।
विधायक ने बताया कि 15 नई इलेक्ट्रिक बसें आधुनिक जीपीएस और सुरक्षा तकनीकों से लैस हैं। इन्हें जिले के विभिन्न स्थानीय और प्रमुख रूटों पर संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुल्लू डिपो में पहले से 17 इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं और नई 15 बसों के शामिल होने के बाद डिपो में इलेक्ट्रिक बसों की कुल संख्या 32 हो जाएगी। उन्होंने कुल्लू को 15 नई इलेक्ट्रिक बसों की सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री का आभार जताया।
सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि कुल्लू डिपो देश में सरकारी परिवहन व्यवस्था के तहत इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू करने वाले प्रमुख डिपो में शामिल है और प्रदेश में बेहतर आय अर्जित करने वाले डिपो में भी इसकी गिनती होती है। उन्होंने कहा कि कुल्लू बस अड्डा आधुनिक सुविधाओं से युक्त है तथा पीज के लिए प्रस्तावित रोपवे के निर्माण से बस अड्डे का महत्व और बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि कुल्लू शहर के सौंदर्यीकरण और स्वच्छता को लेकर भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नगर परिषद और प्रशासन के सहयोग से शहर की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा। बस अड्डे सहित पूरे शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ-साथ अवैध अतिक्रमण हटाने की दिशा में भी कार्रवाई की जाएगी।
विधायक ने नई इलेक्ट्रिक बसों के सफल संचालन के लिए परिवहन विभाग और एचआरटीसी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं।