कुल्लू में दर्दनाक सड़क हादसा, सवारियों से भरी सूमो खाई में गिरी…3 की मौत, 5 गंभीर घायल

28 मई : हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। जिला मुख्यालय के साथ लगते पीज मार्ग पर बागन के समीप सवारियों से भरी एक टाटा सूमो गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से बाहर निकाला और उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया। अस्पताल में भर्ती कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही कुल्लू पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत कार्य संभाल लिया। फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

एसपी कुल्लू मदन लाल ने हादसे की पुष्टि की है। वहीं कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *