नडोली में खैर के हरे पेड़ों की अवैध कटाई, लकड़ी से भरी पिकअप पकड़ी; चालक गिरफ्तार

31 अगस्त: वन विभाग की रेंज ऑफिस कोटला के तहत नडोली के समीप वन क्षेत्र में खैर के हरे-भरे पेड़ों की कथित अवैध कटाई का मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए खैर की लकड़ी से लदी एक पिकअप को कब्जे में लिया और चालक मुशर्रफ निवासी जम्मू-कश्मीर को मौके से पकड़ लिया। वहीं, कथित ठेकेदार सहित पांच अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार वन विभाग को नडोली के समीप खैर के पेड़ों की अवैध कटाई की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद रेंज अधिकारी राजेश जोशी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से क्षेत्र में नाका लगाया। इसी दौरान टीम ने मौके पर दबिश देकर खैर की लकड़ी से भरी पिकअप को पकड़ लिया और चालक को हिरासत में ले लिया।

जांच के दौरान पिकअप से खैर की लकड़ी के अलावा दो साइलेंट कटर भी बरामद किए गए। विभाग को प्रारंभिक जांच में मौके पर करीब पांच हरे-भरे खैर के पेड़ काटे जाने के साक्ष्य मिले हैं। वन विभाग ने लकड़ी, वाहन और कटाई में इस्तेमाल किए जा रहे उपकरणों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पूछताछ में पकड़े गए चालक ने कथित तौर पर ठेकेदार और अवैध कटाई में शामिल अन्य लोगों के नाम बताए हैं। इसके आधार पर वन विभाग और पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। विभाग यह भी पता लगाने में जुटा है कि काटी गई खैर की लकड़ी को कहां ले जाया जाना था।

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले भी नडोली के समीप इसी क्षेत्र में खैर के करीब आठ पेड़ काटे गए थे। इसके बाद वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ाते हुए नाके लगाए थे। आरोप है कि बीती रात तेज बारिश का फायदा उठाकर आरोपी खैर की लकड़ी को पिकअप में ले जाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन विभागीय टीम और स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से वाहन पकड़ लिया गया।

वन विभाग की कार्रवाई के बाद अवैध खैर कटान में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। आरओ कोटला राजेश जोशी ने कहा कि वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल चालक से पूछताछ जारी है और फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस के सहयोग से कार्रवाई की जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *