1 अगस्त: महिला एवं बाल विकास विभाग, हिमाचल प्रदेश के तत्वावधान में जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) कांगड़ा स्थित धर्मशाला द्वारा 1 से 7 अगस्त, 2026 तक जिलेभर में विश्व स्तनपान सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान कांगड़ा जिले के सभी 4,226 आंगनवाड़ी केंद्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक शर्मा ने बताया कि अभियान को जिले की सभी 15 बाल विकास परियोजनाओं (सीडीपीओ) के माध्यम से संचालित किया जाएगा। इसके तहत सुपरवाइजर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं गांव-गांव तथा वार्ड-वार्ड पहुंचकर गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और उनके परिवारों को स्तनपान के महत्व के बारे में जानकारी देंगी।
अभियान में गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं के साथ पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों, महिला मंडलों, युवाओं तथा स्वास्थ्य विभाग की आशा कार्यकर्ताओं की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। इसका उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण संदेशों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना है।
आंगनवाड़ी केंद्रों में आयोजित होने वाले जागरूकता सत्रों के दौरान माताओं को बताया जाएगा कि नवजात शिशु को जन्म के पहले एक घंटे के भीतर मां का पहला गाढ़ा पीला दूध यानी कोलोस्ट्रम जरूर पिलाना चाहिए। इसके साथ ही शिशु को जन्म के बाद पहले छह माह तक केवल मां का दूध देने तथा छह माह पूरे होने के बाद पूरक आहार शुरू करने के साथ दो वर्ष या उससे अधिक समय तक स्तनपान जारी रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अशोक शर्मा ने कहा कि मां का दूध शिशु के लिए प्राकृतिक सुरक्षा कवच की तरह काम करता है। यह बच्चे को कई बीमारियों से बचाने के साथ उसके शारीरिक और मानसिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि जिले के सभी 4,226 आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से स्तनपान के महत्व का संदेश अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि बच्चों को स्वस्थ और कुपोषण मुक्त जीवन की बेहतर शुरुआत मिल सके।
विश्व स्तनपान सप्ताह के दौरान जिलेभर में प्रभात फेरियां, जागरूकता रैलियां, स्तनपान परामर्श एवं स्वास्थ्य जांच शिविर, सफल माताओं के अनुभव साझा करने के कार्यक्रम और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों में स्वास्थ्य विभाग और आशा कार्यकर्ताओं का भी सक्रिय सहयोग रहेगा।