10 मई : हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में शनिवार रात एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। चंडीगढ़ से धर्मशाला जा रही पंजाब रोडवेज की बस का पिछला टायर अचानक चलते-चलते निकल गया, लेकिन चालक की सतर्कता से बस गहरी खाई में गिरने से बच गई। घटना में बस में सवार सभी 12 यात्री सुरक्षित रहे।
जानकारी के अनुसार पंजाब रोडवेज नंगल डिपो की बस रात करीब 10 बजे समेला रेलवे क्रॉसिंग पुल के नीचे से गुजर रही थी। इसी दौरान बस का पिछला टायर हब सहित अलग हो गया। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत ब्रेक लगाकर बस को सड़क के बीचोंबीच रोक दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब 2 किलोमीटर तक जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बस को सड़क किनारे करवाकर यातायात बहाल किया गया।
अगले दिन एनएचएआई की मदद से हाईड्रा मशीन बुलाकर खराब बस को सड़क से हटाया गया। हालांकि घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन बस की तकनीकी स्थिति को लेकर सवाल जरूर खड़े हो गए हैं।