17 सितम्बर: कांगड़ा और आसपास के क्षेत्रों में यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए रेन शैल्टर अब नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के लिए ठिकाने बनते जा रहे हैं। इसी कड़ी में कांगड़ा पुलिस ने पुराना कांगड़ा रोड स्थित एक रेन शैल्टर से दो युवकों को 12.46 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, थाना कांगड़ा की पुलिस टीम पुराना कांगड़ा रोड के पास गश्त और चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान रेन शैल्टर में बैठे दो युवकों की गतिविधियां संदिग्ध नजर आने पर पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए रोका। तलाशी लेने पर दोनों के कब्जे से कुल 12.46 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 25 वर्षीय अमित कुमार पुत्र स्व. कृष्ण कुमार निवासी गांव व डाकघर बगली, तहसील कांगड़ा और 30 वर्षीय निखिल व्यास पुत्र स्व. अजीत व्यास निवासी गांव मझाणू, डाकघर व तहसील पंचरुखी के रूप में हुई है।
पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी चिट्टा कहां से लेकर आए थे और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी। मामले की जांच के आधार पर नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
डीएसपी टांडा राजेश कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि कांगड़ा पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है और ऐसे मामलों में पुलिस की निगरानी जारी है।
गौरतलब है कि रेन शैल्टरों से नशा तस्करों की गिरफ्तारी का यह पहला मामला नहीं है। पिछले दो-तीन वर्षों में पुलिस आधा दर्जन से अधिक नशा तस्करों को रेन शैल्टरों से गिरफ्तार कर चुकी है। इससे एक दिन पहले भी कांगड़ा पुलिस ने चरस तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया था।