कांगड़ा की प्रियांशी राजपूत ने जीता मिस हिमाचल का खिताब, मिस इंडिया में बनीं थर्ड रनर-अप

10 अक्तूबर: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के चढ़ियार की रहने वाली प्रियांशी राजपूत ने राष्ट्रीय स्तर की सौंदर्य प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय ब्यूटी पेजेंट में प्रियांशी ने मिस हिमाचल का खिताब अपने नाम किया। इसके साथ ही उन्हें मिस इंडिया थर्ड रनर-अप चुना गया।

ड्रीम ऑरा इंडिया 2026 और एके पेजेंट की ओर से आयोजित इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले 2 से 4 अक्तूबर तक दिल्ली के पश्चिम विहार स्थित होटल रेडिसन ब्लू में हुआ। इसमें देशभर से आई प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों को इंट्रोडक्शन राउंड, रैंप वॉक, टैलेंट राउंड और प्रश्नोत्तर राउंड सहित विभिन्न चरणों से गुजरना पड़ा। प्रियांशी राजपूत ने सभी चरणों में आत्मविश्वास, प्रतिभा और बुद्धिमत्ता का शानदार परिचय दिया। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर उन्होंने मिस हिमाचल का खिताब हासिल किया और मिस इंडिया प्रतियोगिता में थर्ड रनर-अप का स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता के ग्रैंड फिनाले में बॉलीवुड अभिनेता गुलशन ग्रोवर और प्रसिद्ध अभिनेत्री संगीता बिजलानी मुख्य अतिथि एवं निर्णायक के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेताओं की घोषणा की और प्रियांशी राजपूत सहित अन्य विजेताओं को ताज पहनाकर सम्मानित किया। निर्णायकों ने विजेताओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्रियांशी राजपूत की इस उपलब्धि से कांगड़ा जिले सहित पूरे हिमाचल प्रदेश में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता ने प्रदेश की प्रतिभाशाली युवतियों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की प्रेरणा दी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *