10 अक्तूबर: हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना स्थित क्षेत्रीय अस्पताल में शुक्रवार को प्रसूता महिला और उसके नवजात शिशु की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। मृतका की पहचान 33 वर्षीय रीना देवी, पत्नी राजीव कुमार, निवासी अरनियाला के रूप में हुई है। घटना से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में रोष जताते हुए संबंधित महिला चिकित्सक को सस्पेंड करने और गिरफ्तार करने की मांग की। मामले में पुलिस ने महिला के पति की शिकायत के आधार पर चिकित्सक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका के पति राजीव कुमार के अनुसार, उन्होंने चार दिन पहले रीना देवी को क्षेत्रीय अस्पताल के मदर चाइल्ड केयर सेंटर में भर्ती करवाया था। अस्पताल में उसका उपचार चल रहा था और चिकित्सकों ने सामान्य प्रसव होने की बात कही थी। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे उन्हें बच्चे की तबीयत बिगड़ने की जानकारी दी गई। इसके बाद उनकी पत्नी को अल्ट्रासाउंड के लिए भेजा गया। राजीव कुमार का आरोप है कि इस दौरान उनकी पत्नी काफी तकलीफ में थी और बाद में उसकी मौत हो गई। मां और नवजात की मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर महिला के मायके और ससुराल पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने संबंधित महिला चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए रोष जताया। स्थिति को देखते हुए एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल, एएसपी अजय राणा और तहसीलदार विपिन ठाकुर मौके पर पहुंचे तथा परिजनों को समझाने का प्रयास किया। बाद में एसपी ऊना सचिन हिरमेथ और एडीसी ऊना इंशात जसवाल ने भी मौके पर पहुंचकर परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सीएमओ ऊना डॉ. एसके वर्मा ने बताया कि मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। आगामी कार्रवाई उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार की जाएगी।
वहीं, एसपी सचिन हिरमेथ ने बताया कि मृतका के पति की शिकायत के आधार पर पुलिस थाना सदर ऊना में महिला चिकित्सक के खिलाफ बीएनएस की धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।