कांगड़ा के परौर में जिला स्तरीय बाल मेला, पांच पीएम श्री स्कूलों के विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर; 8 शिक्षकों को मिला टॉप टीचर अवार्ड

10 अक्तूबर: समग्र शिक्षा के अंतर्गत प्राथमिक स्तर के पीएम श्री विद्यालयों का जिला स्तरीय बाल मेला पीएम श्री राजकीय प्राथमिक पाठशाला परौर में उत्साह और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। मेले का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना तथा उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मकता, प्रतिस्पर्धात्मक भावना और टीम भावना विकसित करना रहा।

बाल मेले का शुभारंभ डाइट कांगड़ा की प्राचार्य डॉ. निशा कटोच ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न गतिविधियों और प्रतियोगिताओं का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक, रचनात्मक और खेल गतिविधियों में भाग लेने से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है।

समापन समारोह में जिला उपनिदेशक गुणवत्ता शिक्षा भाग सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया तथा सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए परौर विद्यालय के शिक्षकों, आयोजक टीम और जिला समन्वयक के प्रयासों की सराहना की।

जिला समन्वयक बाल मेला डॉ. जोगिंदर सिंह ने बताया कि जिला स्तरीय बाल मेले में कांगड़ा जिले के पांच पीएम श्री विद्यालयों के लगभग 50 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस दौरान सोलो डांस, स्पून रेस, म्यूजिकल चेयर, फैंसी ड्रेस और स्टोरी टेलिंग सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

सोलो डांस प्रतियोगिता में पीएम श्री राजकीय प्राथमिक पाठशाला परौर की कृषिका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। स्पून रेस में अंबाड़ा स्कूल के अंशु प्रथम रहे, जबकि म्यूजिकल चेयर रेस में ज्वालामुखी के अर्णव ने पहला स्थान हासिल किया। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में परौर स्कूल की इशिका और स्टोरी टेलिंग प्रतियोगिता में इसी विद्यालय के विराज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शिक्षकों और अभिभावकों ने भी बच्चों का उत्साह बढ़ाया।

इसी अवसर पर संपर्क फाउंडेशन की ओर से जिले के लगभग 350 विद्यालयों में उपलब्ध करवाए गए टीवी डिवाइस और डिजिटल शिक्षण संसाधनों के प्रभावी एवं नवाचारी उपयोग के लिए आठ शिक्षकों को ‘टॉप टीचर अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। जिला उपनिदेशक गुणवत्ता शिक्षा भाग सिंह ने इन शिक्षकों को सम्मानित किया।

सम्मानित होने वाले शिक्षकों में विनोद कुमार, राजकीय प्राथमिक पाठशाला दरंग खास, देहरा; सुधीर कुमार, राजकीय प्राथमिक पाठशाला कंड, धर्मशाला; उर्वशी, राजकीय प्राथमिक पाठशाला मंडल; सपना रानी, राजकीय प्राथमिक पाठशाला सिद्धबाड़ी, धर्मशाला; आशीष कुमार, राजकीय प्राथमिक पाठशाला स्थाना, फतेहपुर; अश्वनी कुमार, फ्लाइ, इंदौरा; राकेश कुमार, राजकीय प्राथमिक पाठशाला जिया, पालमपुर तथा कपिल देव, राजकीय प्राथमिक पाठशाला रानी सिद्धपुर, पंचरुखी शामिल रहे।

इन शिक्षकों द्वारा डिजिटल संसाधनों के प्रभावी उपयोग से विद्यार्थियों के सीखने के अनुभव को बेहतर बनाने के प्रयासों की सराहना की गई।

कार्यक्रम में डाइट कांगड़ा की प्राचार्य डॉ. निशा कटोच, जिला प्रशिक्षण समन्वयक डॉ. जोगिंदर सिंह, पीएम श्री जिला नोडल अधिकारी चित्रकला, खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी धीरा शौंकी राम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला परौर की प्रधानाचार्या संगीता, प्रिंसिपल इंस्पेक्शन विंग के लेफ्टिनेंट सिंह, परौर विद्यालय के केंद्र मुख्य शिक्षक हरीश कुमार, नूतन जेटली, विभिन्न विद्यालयों के केंद्र मुख्य शिक्षक, अध्यापक और विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों, निर्णायकों, अधिकारियों और आयोजन में सहयोग देने वाले सदस्यों का आभार व्यक्त किया। बाल मेले ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने, नई चीजें सीखने और एक-दूसरे से प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान किया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *