कल्हेल हत्याकांड में सनसनीखेज खुलासा! बेरहमी से पीटकर की हत्या, सबूत मिटाने को जलाए कपड़े; नाबालिग समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

19 जून: चंबा जिले के चुराह क्षेत्र के कल्हेल में हुए हरविंद्र सिंह हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। इस सनसनीखेज मामले में तीन वयस्क आरोपियों के साथ एक नाबालिग की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस जांच के मुताबिक आरोपियों ने पहले युवक को बेरहमी से पीटा और बाद में सबूत मिटाने की कोशिश की।

जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने हरविंद्र सिंह को बैल्ट से बुरी तरह पीटा था। वारदात के बाद पुलिस से बचने के लिए उन्होंने इस्तेमाल की गई बैल्ट और मृतक की कमीज को आग के हवाले कर दिया। हालांकि पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर जले हुए अवशेष बरामद कर लिए हैं, जिन्हें अहम साक्ष्य माना जा रहा है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने हत्या को हादसा साबित करने के इरादे से शव को कल्हेल पुल के पास नाले में फेंक दिया था। लेकिन घटनास्थल से मिले सुरागों ने पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया। मृतक का मोबाइल फोन, चार्जर और अन्य सामान कमरे में ही मिला, जबकि शव पर जूते और कमीज नहीं थी। इससे पुलिस को शुरू से ही हत्या की आशंका हुई।

मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज पुलिस के लिए सबसे बड़ा सुराग साबित हुई। फुटेज में कुछ लोग युवक को जबरन कमरे से बाहर ले जाकर वाहन में बैठाते दिखाई दिए। इसी आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।

पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद आरोपी दिलीप कुमार उर्फ राजू, मुकेश कुमार और याकेश कुमार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं मामले में शामिल किशोर को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड ने 30 जुलाई तक ऊना स्थित बाल सुधार गृह भेजने के आदेश दिए हैं।

एसपी विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। जांच के दौरान जुटाए गए वैज्ञानिक और भौतिक साक्ष्य अदालत में पेश किए गए हैं। पुलिस की त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों और पीड़ित परिवार ने सराहना की है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *