करसोग में दर्दनाक हादसा: गहरी खाई में गिरी बोलेरो, 24 वर्षीय युवक की मौत

14 जून : मंडी जिले के करसोग उपमंडल में शनिवार देर रात हुए एक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की जान चली गई। पोखी-कटाड़ा सड़क मार्ग पर एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कटाड़ा गांव निवासी डोली राज शनिवार रात अपने वाहन में घर लौट रहा था। छला टला क्षेत्र के समीप पहुंचने पर अचानक वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया और बोलेरो सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

दुर्घटना की आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद चालक को खाई से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

युवक की असमय मृत्यु से क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि डोली राज मिलनसार और मेहनती स्वभाव का युवक था, जिसकी पहचान समाज में एक जिम्मेदार युवा के रूप में थी।

करसोग के विधायक दीप राज ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं। वहीं डीएसपी चांद किशोर ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षा उपाय मजबूत करने और संवेदनशील स्थानों पर क्रैश बैरियर लगाने की मांग भी उठाई है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *