करछम डैम के पास ट्रक-कार की टक्कर, एक की मौत, तीन गंभीर घायल

22 जुलाई: हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर मंगलवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। टापरी थाना क्षेत्र के तहत करछम डैम के पास ट्रक और ऑल्टो कार की आमने-सामने की टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार ऑल्टो कार में चार लोग सवार थे। करछम डैम के समीप पहुंचते ही कार की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में रामपुर तहसील के गौरा गांव निवासी 34 वर्षीय नीजू राम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अशोक कुमार निवासी कोठी (कल्पा), यशपाल नेगी निवासी ब्रेलिंगी (कल्पा) और साहिल निवासी सराहन (रामपुर) गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही टापरी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से शोल्टू अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसकी लापरवाही रही।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *