कजाकिस्तान पहुंचे हिमाचल के 30 आईटीआई प्रशिक्षुओं से बोले सीएम सुक्खू, वैश्विक अनुभव से मिलेंगे बेहतर रोजगार के अवसर

17 जुलाई: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कजाकिस्तान के शैक्षणिक एवं औद्योगिक एक्सपोजर दौरे पर गए हिमाचल प्रदेश के 30 आईटीआई प्रशिक्षुओं से टेलीफोन पर बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी भी उनके साथ मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षुओं से उनके अनुभवों की जानकारी ली और उन्हें इस अवसर का पूरा लाभ उठाने की सलाह दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एक्सपोजर विजिट प्रशिक्षुओं को आधुनिक तकनीकों, वैश्विक कार्य संस्कृति और औद्योगिक प्रक्रियाओं को नजदीक से समझने का अवसर दे रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह का अनुभव युवाओं के कौशल को नई दिशा देगा और उन्हें देश के साथ-साथ विदेशों में भी बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त करने में मदद करेगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा और आधुनिक कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी उद्देश्य से आईटीआई प्रशिक्षुओं को विदेशों में प्रशिक्षण और औद्योगिक अनुभव दिलाया जा रहा है, ताकि वे वैश्विक मानकों के अनुरूप खुद को तैयार कर सकें।

तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने भी प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं की तकनीकी दक्षता, व्यक्तित्व विकास और व्यावसायिक क्षमता को मजबूत बनाते हैं।

कजाकिस्तान में मौजूद प्रशिक्षुओं ने मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें वहां आधुनिक उद्योगों, नई तकनीकों और कार्य संस्कृति को करीब से सीखने का अवसर मिल रहा है। उनका कहना है कि यह अनुभव भविष्य में उनके करियर और रोजगार की संभावनाओं को और बेहतर बनाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *