22 जून : केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 23 जून 2026 को नई दिल्ली स्थित अटल अक्षय ऊर्जा भवन में NAFED के ऑक्शन पोर्टल NAFEX.in का शुभारंभ करेंगे। इस कार्यक्रम में केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहेंगे। NAFED के अध्यक्ष जेठाभाई अहीर, प्रबंध निदेशक दीपक अग्रवाल तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।
कार्यक्रम के दौरान अमित शाह NAFED की कई डिजिटल और किसान हितैषी योजनाओं की शुरुआत करेंगे। इनमें किसानों के बच्चों के लिए NAFED-KALYAN छात्रवृत्ति, दलहन और तिलहन के इन्वेंटरी प्रबंधन के लिए DRISHTI पोर्टल, एंटरप्राइज रिसोर्स प्लानिंग को सशक्त बनाने वाला ERP पोर्टल तथा ऑक्शन पोर्टल NAFEX.in शामिल हैं। कार्यक्रम में ऑक्शन पोर्टल पर लाइव पंजीकरण और नीलामी प्रक्रिया का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
NAFEX.in पोर्टल के माध्यम से नीलामी प्रक्रिया में पारदर्शिता, दक्षता और संचालन की सुगमता को बढ़ावा मिलेगा। यह डिजिटल प्लेटफॉर्म नीलामी संबंधी गतिविधियों को अधिक व्यवस्थित बनाने के साथ-साथ किसानों, सदस्य संस्थाओं और अन्य हितधारकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
अमित शाह इस अवसर पर किसानों के बच्चों को NAFED-KALYAN छात्रवृत्ति के चेक भी वितरित करेंगे। यह पहल किसानों के परिवारों की शिक्षा संबंधी जरूरतों को सहयोग देने और किसान कल्याण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
शुभारंभ कार्यक्रम के बाद केंद्रीय मंत्री NAFED के निदेशक मंडल के सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में NAFED की गतिविधियों, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा होगी। साथ ही पिछले दौरे के दौरान दिए गए निर्देशों पर हुई प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी।
NAFED कृषि विपणन, खरीद और सहकारिता आधारित कृषि व्यापार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नई डिजिटल और कल्याणकारी पहलों के माध्यम से संस्था किसानों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने तथा सहकारिता क्षेत्र को तकनीक और पारदर्शिता के जरिए मजबूत बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। यह प्रयास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ के विजन को साकार करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।