26 सितंबर: भारतीय महिला कबड्डी टीम ने एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक अपने नाम किया। खिताबी मुकाबले में भारत ने ईरान को 37-34 के करीबी अंतर से हराकर चैंपियन का खिताब बरकरार रखा।
हिमाचल प्रदेश की बेटी पुष्पा राणा के नेतृत्व में भारतीय टीम स्वर्ण पदक जीतने के संकल्प के साथ मैदान में उतरी थी। फाइनल मुकाबले में भारत और ईरान के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन रणनीति और दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 37-34 से जीत दर्ज की।
लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने के बाद कप्तान पुष्पा राणा ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि पिछली बार भी भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक जीता था और इस बार भी टीम का एकमात्र लक्ष्य स्वर्ण पदक हासिल करना था। पूरी टीम इसी संकल्प के साथ मैदान में उतरी थी।
भारतीय महिला कबड्डी टीम की इस सफलता में हिमाचल प्रदेश का भी अहम योगदान रहा। टीम की कप्तान पुष्पा राणा (सिरमौर) के अलावा रितु नेगी (सिरमौर), भावना देवी ठाकुर (मंडी) और ज्योति ठाकुर (सोलन) भी भारतीय टीम का हिस्सा रहीं। चारों खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन से हिमाचल प्रदेश और देश का नाम रोशन किया।