26 सितंबर: मटौर-अनसोली रोड पर इच्छी निवासी 38 वर्षीय पिंकू कुमार पर तलवार से किए गए हमले के मामले में शुक्रवार को इच्छी गांव के दर्जनों लोग बीडीसी सदस्य हरीश और पंचायत प्रधान इकबाल के नेतृत्व में कांगड़ा थाना पहुंचे। ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग की।
ग्रामीणों ने कहा कि घटना को दो दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक मामले में हुई कार्रवाई की उन्हें जानकारी नहीं है। उन्होंने पुलिस से जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उन्हें विरोध का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
ग्रामीणों की बात सुनने के बाद मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी गठित कर दी गई है। पुलिस ने आश्वासन दिया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
गौरतलब है कि मटौर-अनसोली रोड पर रविवार देर शाम कार सवार कुछ लोगों ने पिंकू कुमार पर तलवार से हमला कर दिया था। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उनका एक हाथ काफी हद तक कट गया था। पिंकू कुमार इच्छी पंचायत निवासी रमेश चंद के पुत्र हैं। घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा ले जाया गया, जहां से उन्हें पीजीआई रेफर किया गया। वह वर्तमान में पीजीआई में उपचाराधीन हैं।