5 सितंबर: उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों में शिक्षकों की भर्ती के लिए टेस्ट आधारित चयन प्रक्रिया लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उन्होंने इसे प्रदेश के युवाओं के लिए ऐतिहासिक और स्वागत योग्य पहल बताया।
कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंचने पर पत्रकारों से बातचीत में पठानिया ने कहा कि टेस्ट आधारित चयन प्रक्रिया से भर्ती में पारदर्शिता बढ़ेगी और योग्य एवं प्रतिभावान युवाओं को समान अवसर मिलेंगे। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय सहित अन्य विश्वविद्यालयों में लेक्चरर और असिस्टेंट प्रोफेसर जैसे पदों पर चयन अब योग्यता और निर्धारित प्रक्रिया के आधार पर करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े और उन्हें अपने ही प्रदेश में बेहतर अवसर उपलब्ध हों। संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय के साथ जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी जा रही है।
कांगड़ा एयरपोर्ट के विकास एवं विस्तारीकरण को लेकर पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार परियोजना को गति देने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। एयरपोर्ट के विस्तार से कांगड़ा सहित पूरे प्रदेश में पर्यटन, व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि परियोजना से जुड़े कार्यों पर करीब 4 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं और विभिन्न स्तरों पर काम तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि बेहतर हवाई कनेक्टिविटी से देश के विभिन्न हिस्सों से हिमाचल आने वाले पर्यटकों को सुविधा मिलेगी। इसका लाभ होटल, होम-स्टे, टैक्सी ऑपरेटरों, व्यापारियों और पर्यटन से जुड़े अन्य कारोबारियों को भी मिलेगा।
पठानिया ने कहा कि कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तारीकरण परियोजना विकास के साथ-साथ प्रभावित परिवारों से जुड़ी संवेदनशील परियोजना भी है। प्रदेश सरकार प्रभावित एवं विस्थापित परिवारों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। पात्र परिवारों को नियमानुसार मुआवजा देने के साथ पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (आर एंड आर) का लाभ भी दिया जा रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जो पात्र परिवार अभी आर एंड आर लाभ से शेष हैं, उन्हें भी नियमानुसार यह लाभ प्रदान किया जाएगा। सरकार का प्रयास है कि प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें उनके सभी देय लाभ समयबद्ध तरीके से मिलें।
उन्होंने कहा कि कांगड़ा एयरपोर्ट का विस्तारीकरण आने वाले समय में क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे तथा सरकार विकास और जनहित के बीच संतुलन कायम रखते हुए प्रदेश को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।