एनएसओ के सर्वेक्षण में सहयोग करें नागरिक, सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील

3 अगस्त: राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) के उप क्षेत्रीय कार्यालय हमीरपुर की ओर से अगस्त माह में विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण सांख्यिकीय सर्वेक्षण किए जाएंगे। सहायक निदेशक रूपेश जालवाल ने आम नागरिकों और प्रतिष्ठानों से सर्वेक्षण टीमों को आवश्यक सहयोग देने की अपील की है।

उन्होंने बताया कि जनहित और बेहतर नीति-निर्माण के लिए एनएसओ समय-समय पर विभिन्न सर्वेक्षण करवाता है। अगस्त माह में आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण, राष्ट्रीय परिवार आय सर्वेक्षण, प्रवासन सर्वेक्षण, ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण, स्थिति आकलन सर्वेक्षण, अनिगमित क्षेत्र के प्रतिष्ठानों का वार्षिक सर्वेक्षण सहित अन्य विषयों से संबंधित आंकड़े एकत्रित किए जाएंगे।

सर्वेक्षण के लिए एनएसओ के अधिकृत कनिष्ठ सांख्यिकीय अधिकारी, सर्वे प्रगणक और सर्वे पर्यवेक्षक हमीरपुर, ऊना और बिलासपुर जिलों के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों का दौरा करेंगे। वैज्ञानिक प्रतिदर्श पद्धति के तहत चयनित परिवारों और प्रतिष्ठानों से निर्धारित प्रश्नावली के माध्यम से आवश्यक जानकारी ली जाएगी।

अगस्त में हमीरपुर जिले के दुगनेहड़ा, सुनवीं राजपूतां और पट्टा, ऊना जिले के चलौल बेहड़, चांदपुर, मुबारकपुर, धर्मपुर, कोटला खास और जरोला तथा बिलासपुर जिले के अमरपुर, संदौली और बोहड़ गांवों में सर्वेक्षण किया जाएगा।

सहायक निदेशक ने नागरिकों और प्रतिष्ठानों से आग्रह किया कि वे सर्वेक्षण दल को सही, पूर्ण और तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध करवाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सर्वेक्षण के दौरान प्राप्त सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी और इनका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय द्वारा किए जा रहे ये सर्वेक्षण देश के लिए महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में सभी नागरिक सर्वेक्षण टीम का सहयोग कर इस कार्य को सफल बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *