5 सितंबर: एटरनल यूनिवर्सिटी परिसर में प्रथम हिमाचल प्रदेश गर्ल्स बटालियन एनसीसी सोलन की ओर से द्वितीय चरण का 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर एटीसी-248 आयोजित किया जा रहा है। शिविर में हिमाचल प्रदेश के आठ जिलों से करीब 600 छात्राएं हिस्सा ले रही हैं।
शिविर के दौरान कैडेट्स को ड्रिल, शारीरिक प्रशिक्षण, फायरिंग, मैप रीडिंग, हथियार संचालन, फील्ड क्राफ्ट और बैटल क्राफ्ट सहित विभिन्न सैन्य गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रथम हिमाचल प्रदेश गर्ल्स बटालियन एनसीसी सोलन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल विवेक भटारा ने बताया कि सैन्य प्रशिक्षण के साथ कैडेट्स के व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
नियमित अभ्यास के माध्यम से छात्राओं में अनुशासन, समय की पाबंदी, टीम भावना, जिम्मेदारी और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में निर्णय लेने की क्षमता विकसित की जा रही है। बदलते डिजिटल दौर को ध्यान में रखते हुए शिविर में साइबर सुरक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स जैसे आधुनिक विषयों की जानकारी भी दी जा रही है।
कैडेट्स को मानसिक दृढ़ता, तनाव प्रबंधन और संचार कौशल का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इसके अलावा बेस्ट कैडेट, बेस्ट इंस्टीट्यूशन और बेस्ट ड्रिल स्क्वाड जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। निबंध लेखन, पोस्टर मेकिंग, स्लोगन राइटिंग और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
कर्नल विवेक भटारा ने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य कैडेट्स में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। शिविर के सफल संचालन में अधिकारी, जेसीओ, एनसीओ, एएनओ, सीटीओ, जीसीआई और सहायक सिविल स्टाफ महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।