6 अगस्त: मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने गांव छबोट में उद्यान विभाग द्वारा एचपीशिवा परियोजना के तहत पौधारोपण अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं मौसंबी का पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की।
सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में एचपीशिवा परियोजना के माध्यम से प्रदेश के कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बागवानी को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस योजना का उद्देश्य फल उत्पादन बढ़ाना, किसानों की आय में वृद्धि करना और उच्च मूल्य वाली फल फसलों को प्रोत्साहित करना है।
उन्होंने बताया कि 15 अगस्त तक हमीरपुर जिले के करीब 200 गांवों में एक लाख फलदार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। छबोट गांव में लगभग तीन हेक्टेयर क्षेत्र में 3,000 मौसंबी के पौधे लगाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि परियोजना के तहत किसानों को भूमि विकास, गुणवत्तायुक्त पौधे, सोलर फेंसिंग, सिंचाई अवसंरचना और ड्रिप सिंचाई जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उद्यान विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन में किसान स्वयं पौधारोपण और अन्य बागवानी कार्य कर रहे हैं, जिससे परियोजना का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि एचपीशिवा परियोजना किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने छबोट गांव में वर्षाशालिका, महिला मंडल भवन और आंगनवाड़ी केंद्र के निर्माण एवं मरम्मत के लिए भी सहयोग का आश्वासन दिया।