युवाओं को नशे से दूर रखने में खेलों की अहम भूमिका: राम कुमार चौधरी

22 जुलाई , कविता शान्ति गौतम: दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक राम कुमार चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों की ओर आकर्षित करने के लिए लगातार सकारात्मक कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं का विस्तार कर युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

बुधवार को ग्राम पंचायत जगजीत नगर स्थित कुश्ती अकादमी में कुश्ती मैट का शुभारंभ करने के बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि वर्तमान समय में नशा समाज के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। ऐसे में युवाओं को खेलों से जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की खेल अकादमियां ग्रामीण प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

राम कुमार चौधरी ने कहा कि जगजीत नगर कुश्ती अकादमी के खिलाड़ियों ने रेसलिंग, ग्रेपलिंग और कुराश जैसी प्रतियोगिताओं में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने पदक विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया और विश्वास जताया कि भविष्य में भी यह अकादमी अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करेगी।

उन्होंने ग्राम पंचायत जगजीत नगर के निर्विरोध निर्वाचन पर पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों को बधाई देते हुए बताया कि पिछले तीन वर्षों में पंचायत क्षेत्र में करीब 2.75 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए गए हैं। इनमें संपर्क मार्गों का निर्माण एवं सुधार, गलियों का निर्माण, जल भंडारण टैंक, हैंडपंप तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।

विधायक ने बताया कि लोक निर्माण विभाग के माध्यम से 50 लाख रुपये की लागत से डंगे और जगजीत नगर बस स्टैंड में टाइल वर्क सहित अन्य निर्माण कार्य पूरे किए गए हैं। उन्होंने बागी-बड़ोह सड़क को प्राथमिकता के आधार पर पक्का करने और पंचायत में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया।

उन्होंने कहा कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जगजीत नगर में 65 लाख रुपये की लागत से नए विद्यालय भवन का निर्माण पूरा हो चुका है। साथ ही सीएसआर के माध्यम से विद्यालय में परीक्षा भवन का निर्माण करवाने का भी आश्वासन दिया।

राम कुमार चौधरी ने कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र को प्रदेश का आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, खेल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधि, अकादमी के पदाधिकारी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *