ऊना में पंचायत प्रतिनिधियों ने ली शपथ, डिप्टी सीएम ने दिया विकास और जनसेवा का मंत्र

16 जून : ऊना के लता मंगेशकर कला केंद्र समूरकलां में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने जिले की 249 ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रधानों और उपप्रधानों को पद एवं निष्ठा की शपथ दिलाई। समारोह में करीब 500 पंचायत प्रतिनिधियों और उनके परिजनों ने भाग लिया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने पंचायतों को ग्रामीण विकास, सुशासन और सामाजिक परिवर्तन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई बताते हुए कहा कि गांवों की मजबूती और समृद्धि ही हिमाचल प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे राजनीतिक विचारधाराओं से ऊपर उठकर जनहित, गरीब कल्याण, नशा उन्मूलन और युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए मिलकर कार्य करें।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि गांवों और जिले के भविष्य के निर्माता हैं तथा आने वाले पांच वर्षों में ग्रामीण क्षेत्रों की दिशा और दशा काफी हद तक उनकी कार्यशैली और सोच पर निर्भर करेगी। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया के दौरान पैदा हुई किसी भी कटुता को भुलाकर संवाद, सहयोग और सामंजस्य के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि पंचायतों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा होनी चाहिए, जिसका उद्देश्य विकास को गति देना और आम लोगों की समस्याओं का समाधान करना हो। समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान, गरीबों की सेवा और युवाओं के सशक्त भविष्य को प्राथमिकता देना समय की आवश्यकता है।

समारोह में विधायक राकेश कालिया, सतपाल सत्ती, सुदर्शन बबलू और विवेक शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और उनके परिजन मौजूद रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *