13 मई: ऊना जिले के हरोली उपमंडल के गांव दुलैहड़ में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार बाइक सामने से आ रहे टिप्पर से टकरा गई। मृतक की पहचान रविंद्र कुमार पुत्र अशोक कुमार निवासी गांव दुलैहड़, तहसील हरोली के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार हादसा दुलैहड़ बस स्टैंड के पीछे एक मोड़ के पास हुआ। टिप्पर चालक ब्रजेश सिंह निवासी जिला प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश ने पुलिस को बताया कि वह लुधियाना से टिप्पर लेकर गोंदपुर बुल्ला स्थित स्टोन क्रशर की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक तेज रफ्तारी में गलत दिशा में आकर टिप्पर से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार रविंद्र गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे उपचार के लिए दुलैहड़ अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों का मेडिकल करवाया है और जांच के लिए टिप्पर चालक का ब्लड सैंपल भी कब्जे में लिया है। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि मामले की जांच जारी है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।