10 जुलाई: 10 जुलाई को प्रस्तावित उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन का शिमला दौरा रद्द हो गया है। भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान में आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में उन्हें मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर उद्घाटन करना था। दौरा रद्द होने के बाद अब जम्मू-कश्मीर के पूर्व उपमुख्यमंत्री कविंद्र गुप्ता संगोष्ठी का उद्घाटन करेंगे।
10 से 12 जुलाई तक आयोजित इस संगोष्ठी का विषय ‘सरदार पटेल की दृष्टि: एकीकरण, एकसूत्रता और संघवाद’ है। इसमें देश-विदेश के शिक्षाविद, इतिहासकार, संवैधानिक विशेषज्ञ और शोधार्थी भाग ले रहे हैं। संगोष्ठी का उद्देश्य सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण संबंधी विचारों का वर्तमान परिप्रेक्ष्य में विश्लेषण और पुनर्मूल्यांकन करना है।
संगोष्ठी के दौरान प्रशासनिक सुधार, राष्ट्रीय सुरक्षा, संवैधानिक शासन, लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती तथा संघीय व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। इसके अलावा हैदराबाद, कश्मीर, पंजाब की पहाड़ी रियासतों और ओडिशा के भारत में एकीकरण से जुड़े विभिन्न शोध पत्र भी प्रस्तुत किए जाएंगे। साथ ही भारतीय सिविल सेवा की स्थापना, राजकोषीय संघवाद, संवैधानिक विकास, प्रशासनिक दक्षता और समकालीन संघीय लोकतंत्र की चुनौतियों पर भी विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे।