ईमानदारी की मिसाल: ऑटो चालक ने 22 हजार रुपये और दस्तावेजों से भरा पर्स महिला को लौटाया

26 जून : मंडी के एक ऑटो चालक ने ईमानदारी और जिम्मेदारी की मिसाल पेश करते हुए 22 हजार रुपये नकद और जरूरी दस्तावेजों से भरा पर्स उसकी असली मालिक महिला को सकुशल लौटाया।

जानकारी के अनुसार कल्हणी निवासी तेजी देवी किसी आवश्यक कार्य से अस्पताल जा रही थीं। इस दौरान उनका पर्स ऑटो में ही छूट गया। पर्स में करीब 22 हजार रुपये नकद, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य जरूरी सामान रखा हुआ था। अस्पताल पहुंचने पर जब उन्होंने पर्स तलाशा तो वह नहीं मिला, जिससे वह काफी चिंतित हो गईं।

उधर, ऑटो चालक को वाहन में पर्स मिला। पर्स में नकदी और पहचान संबंधी दस्तावेज देखकर उसने लालच में आने के बजाय इसकी सूचना तुरंत ऑटो यूनियन के पदाधिकारियों को दी। यूनियन के सदस्यों ने भी सराहनीय पहल करते हुए पर्स को सिटी पुलिस चौकी में जमा करा दिया।

पुलिस ने पर्स में मौजूद दस्तावेजों के आधार पर तेजी देवी की पहचान कर उनसे संपर्क किया। सूचना मिलने पर वह सिटी पुलिस चौकी पहुंचीं, जहां थाना प्रभारी सदर सुनील कुमार और शहरी चौकी प्रभारी मदन की मौजूदगी में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें उनका पर्स सौंप दिया गया। महिला ने ऑटो चालक, ऑटो यूनियन और पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए उनकी ईमानदारी की सराहना की।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *