इंदौरा में सास-दामाद चिट्टे के साथ गिरफ्तार, घर में छापेमारी कर 11 ग्राम हेरोइन बरामद

16 जुलाई: नूरपुर पुलिस के नशा तस्करों के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत डमटाल थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांव छन्नी में एक घर पर छापेमारी कर 11 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। मामले में पुलिस ने एक महिला और उसके दामाद को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार बुधवार को डमटाल थाना पुलिस गश्त और नशा विरोधी अभियान पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि गांव छन्नी निवासी पिंकी अपने दामाद आकाशदीप के साथ मिलकर घर से चिट्टा बेचने का अवैध कारोबार कर रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए गवाहों की मौजूदगी में घर पर छापेमारी की।

तलाशी के दौरान पहली मंजिल के एक कमरे में लकड़ी की अलमारी के पास रखे नीले प्लास्टिक स्टैंड की ट्रे से काले रंग का लिफाफा बरामद हुआ। लिफाफे में मिले हल्के भूरे और सफेद रंग के पाउडर की ड्रग डिटेक्शन किट से जांच करने पर उसके हेरोइन (चिट्टा) होने की पुष्टि हुई। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर इसकी मात्रा 11 ग्राम पाई गई, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर सील कर दिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 36 वर्षीय पिंकी निवासी गांव छन्नी, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा तथा उसके 26 वर्षीय दामाद आकाशदीप निवासी गांव महताबपुर, तहसील मुकेरियां, जिला होशियारपुर (पंजाब) के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ डमटाल थाना में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था, इसकी सप्लाई किसे की जानी थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *