इंदौरा में विधायक मलेंद्र राजन ने पंचायत प्रतिनिधियों के साथ की बैठक, विकास कार्यों और जनसमस्याओं पर हुई चर्चा

7 सितंबर: विधायक मलेंद्र राजन ने अपने निवास कार्यालय में पंचायत प्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र के विकास कार्यों तथा जनसमस्याओं पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश में समान और संतुलित विकास सुनिश्चित किया जा रहा है तथा सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।

मलेंद्र राजन ने बताया कि लोक निर्माण विभाग के माध्यम से विधानसभा क्षेत्र में लगभग 90 करोड़ रुपये की लागत से सड़क विकास कार्य चल रहे हैं। इसके अलावा जल शक्ति विभाग की विभिन्न योजनाओं पर भी करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 85 नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे लोगों को बेहतर विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी।

उन्होंने कहा कि बरसात के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत बारिश समाप्त होने के बाद प्राथमिकता के आधार पर करवाई जाएगी। विधायक ने पंचायत प्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने तथा उनकी समस्याओं को समय पर उनके समक्ष लाने का आग्रह किया।

मलेंद्र राजन ने कहा कि प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना और पात्र व्यक्तियों को उनका लाभ दिलाना पंचायत प्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *