26 अक्तूबर: कृषि विभाग किसानों को आधुनिक कृषि उपकरण उपलब्ध करवाने और खेती में मशीनीकरण को बढ़ावा देने के लिए वित्त वर्ष 2026-27 में एग्री मशीनरी पोर्टल को दोबारा सक्रिय कर रहा है। पोर्टल 25 अक्तूबर को दोपहर 12 बजे से 29 अक्तूबर, 2026 तक आवेदन के लिए खुला रहेगा। यह जानकारी कृषि विभाग सोलन के उप निदेशक अजब नेगी ने दी।
उन्होंने बताया कि इच्छुक किसान निर्धारित अवधि के दौरान पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 30 अक्तूबर को पारदर्शी लॉटरी प्रणाली के माध्यम से कृषि उपकरणों के लिए लाभार्थी किसानों का चयन किया जाएगा।
अजब नेगी ने बताया कि पात्रता और निर्धारित नियमों के अनुसार लघु एवं सीमांत किसानों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा महिला किसानों को कृषि उपकरणों की खरीद पर 50 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। कृषि विभाग हिमाचल प्रदेश कृषि अभियांत्रिकी उप मिशन के तहत किसानों को पावर टिलर, पावर वीडर सहित विभिन्न कृषि उपकरण अनुदान पर उपलब्ध करवा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आधुनिक मशीनरी और उन्नत कृषि उपकरणों के उपयोग को बढ़ावा दे रही है, ताकि किसानों की मेहनत कम करने के साथ कृषि कार्यों को अधिक सुविधाजनक बनाया जा सके।
उप निदेशक ने किसानों से अपील की कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर एग्री मशीनरी पोर्टल पर आवेदन करें। कृषि मशीनरी खरीदते समय केवल भारत सरकार से पंजीकृत फर्मों और स्वीकृत मॉडलों का ही चयन करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इच्छुक किसान कृषि मशीनरी पोर्टल agrimachinery.nic.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।