27 मई: कुल्लू जिले के आनी क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी लग्जरी कार में चरस की खेप लेकर जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार आनी पुलिस ने लुहरी मोड़ पर नियमित नाकाबंदी के दौरान आनी से लुहरी की ओर जा रही एक काले रंग की ग्रैंड विटारा कार को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान पुलिस को कार के डैशबोर्ड में छिपाकर रखी गई 234 ग्राम चरस बरामद हुई।
चरस मिलने के बाद पुलिस ने कार में सवार दोनों युवकों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान गौरव ठाकुर निवासी खटकर, तहसील कुमारसैन जिला शिमला और दीपक निवासी नाग, तहसील कुमारसैन जिला शिमला के रूप में हुई है।
एसपी कुल्लू मदन लाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चरस की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किसे पहुंचाया जाना था।