अम्ब के बेहड़ जसवां में फास्ट फूड दुकानदार पर हमला, तलवारों और लोहे की रॉड से किया वार

29 सितम्बर: ऊना जिले के पुलिस थाना अम्ब के अंतर्गत बेहड़ जसवां क्षेत्र में एक फास्ट फूड दुकानदार पर पांच अज्ञात लोगों द्वारा हमला करने का मामला सामने आया है। चक्क पुली के पास इनोवा गाड़ी में पहुंचे हमलावरों ने 31 वर्षीय भागवत कुमार पर तलवारों, लोहे की रॉड और हॉकी से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को उपचार के लिए सिविल अस्पताल अम्ब में भर्ती करवाया गया है।

जानकारी के अनुसार भागवत कुमार सोमवार रात करीब 9:30 बजे अपनी दुकान बंद कर स्कूटी से घर लौट रहा था। उसके साथ उसका 14 वर्षीय भांजा प्रिंस गर्ग भी था। दोनों जब बेहड़ जसवां स्कूल के पीछे चक्क पुली के पास पहुंचे तो वहां पहले से खड़ी सफेद रंग की इनोवा गाड़ी ने उनकी स्कूटी का रास्ता रोक लिया। इसके बाद गाड़ी से पांच व्यक्ति उतरे और भागवत कुमार पर हथियारों से हमला कर दिया।

हमले के दौरान भागवत का भांजा प्रिंस मौके से भाग गया और शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। लोगों को आता देख आरोपी इनोवा गाड़ी में सवार होकर बड़ूही की ओर फरार हो गए।

डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित के बयान और प्रारंभिक मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे संभावित साक्ष्यों की जांच कर रही है और वारदात में इस्तेमाल इनोवा गाड़ी तथा अज्ञात हमलावरों की तलाश की जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *