15 जून : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते का स्वागत करते हुए इसे पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। सोमवार को सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि यह सहमति ऐसे समय में बनी है, जब क्षेत्र में लंबे समय से जारी तनाव के कारण वैश्विक अर्थव्यवस्था प्रभावित हुई और कई देशों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत को उम्मीद है कि इस समझौते के प्रभावी क्रियान्वयन से क्षेत्र में शांति बहाल होगी तथा नौवहन और व्यापार की स्वतंत्रता सुनिश्चित होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों पक्ष शेष मुद्दों पर भी संवाद के माध्यम से आगे बढ़ेंगे और एक स्थायी समाधान तक पहुंचेंगे।
गौरतलब है कि अमेरिका और ईरान ने पश्चिम एशिया में 107 दिनों से जारी संघर्ष को समाप्त करने पर सहमति व्यक्त की है। इसके तहत होर्मुज जलडमरूमध्य से नौसैनिक नाकेबंदी हटाने और लेबनान समेत सभी मोर्चों पर सैन्य गतिविधियों को तत्काल एवं स्थायी रूप से रोकने की घोषणा की गई है। इस समझौते को क्षेत्रीय शांति और वैश्विक व्यापार के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।