अनूपपुर में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 6 की मौत; 40 से ज्यादा घायल

21 मई :मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की जान चली गई, जबकि 40 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई।

पुलिस के अनुसार दुर्घटना कर्णपाथर थाना क्षेत्र के बिजौरा गांव के पास हुई। ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 50 श्रद्धालु सवार थे, जो पूजा-अर्चना के लिए पद्मनिया से बिजौरा गांव जा रहे थे। रास्ते में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

इस दुखद घटना पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। साथ ही जिला प्रशासन को राहत एवं उपचार कार्यों में हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *