अग्नि सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान तेज, संस्थानों में फायर सेफ्टी उपकरण अनिवार्य

19 जून : अग्निशमन केंद्र ऊना द्वारा जिले में अग्नि सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को आनंद टोयोटा कार एजेंसी तथा सेडी अंबुआ फाउंडेशन स्किल डेवलपमेंट सेंटर ऊना में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों और प्रशिक्षुओं को आग लगने के कारणों, आग के विभिन्न प्रकारों तथा उसे नियंत्रित करने और बुझाने के प्रभावी तरीकों की विस्तृत जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि किसी भी संस्थान, उद्योग, होटल अथवा व्यावसायिक प्रतिष्ठान को बिना फायर एनओसी के संचालित नहीं किया जाना चाहिए। साथ ही सभी संस्थानों में अग्निशमन यंत्रों की स्थापना, पर्याप्त पानी की व्यवस्था तथा हाइड्रेंट में 24 घंटे पानी उपलब्ध होना सुनिश्चित करना आवश्यक है। संस्थानों को समय-समय पर अग्नि सुरक्षा उपकरणों की जांच और परीक्षण भी करते रहना चाहिए, ताकि आपात स्थिति में उनका प्रभावी उपयोग किया जा सके।

होमगार्ड्स वाहिनी ऊना के कमांडेंट हितेश लखनपाल ने कहा कि आग से बचाव और सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए हमेशा सतर्क रहें।

अग्निशमन केंद्र अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि फायर विभाग की टीम सार्वजनिक स्थानों, शैक्षणिक संस्थानों और अस्पतालों में नियमित रूप से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को आग लगने की स्थिति में सुरक्षित रहते हुए प्रारंभिक स्तर पर आग पर काबू पाने के लिए अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग का प्रशिक्षण देना है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *