22 सितंबर: थल सेना की अग्निवीर भर्ती की संयुक्त प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना जिलों के अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड की सूचना ईमेल के माध्यम से भी दी गई है।
थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल श्रीधर राजन ने बताया कि इन अभ्यर्थियों का ग्राउंड टेस्ट, मेडिकल परीक्षण और दस्तावेज सत्यापन 26 सितंबर से 6 अक्तूबर तक हमीरपुर के निकट अणु स्थित सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड एवं डिग्री कॉलेज परिसर में आयोजित होने वाली भर्ती रैली के दौरान किया जाएगा।
उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे एडमिट कार्ड का अच्छी गुणवत्ता वाला रंगीन प्रिंट साथ लेकर आएं, ताकि बार कोड स्कैनिंग के माध्यम से प्रवेश में किसी प्रकार की परेशानी न हो। अभ्यर्थियों को वेबसाइट पर दिए गए सभी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने और आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियों के साथ उनकी दो-दो सेल्फ अटेस्टेड प्रतियां भी साथ लाने को कहा गया है।
अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड, आधार कार्ड और शैक्षणिक योग्यता से संबंधित सभी प्रमाण पत्रों की तीन-तीन प्रतियां साथ लानी होंगी। यदि अभ्यर्थी ने मैट्रिक की परीक्षा ओपन स्कूल से उत्तीर्ण की है तो अंतिम स्कूल छोड़ने का प्रमाण पत्र भी लाना होगा, जिस पर सक्षम अधिकारी के काउंटर साइन होने चाहिए।
इसके अलावा बोनाफाइड हिमाचली प्रमाण पत्र, डोगरा क्लास या जाति प्रमाण पत्र, धर्म प्रमाण पत्र, अल्पसंख्यक प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, सेवारत या भूतपूर्व सैनिक के पुत्र होने का प्रमाण पत्र, अविवाहित होने का प्रमाण पत्र, अधिसूचना में दिए गए निर्धारित प्रारूप में एफिडेविट, क्लर्क या एसकेटी पद के लिए ओ-लेवल सर्टिफिकेट, एनसीसी एवं खेल गतिविधियों के प्रमाण पत्र, बैंक खाता, पैन कार्ड तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज भी साथ लाने होंगे। अभ्यर्थियों को 20 पासपोर्ट साइज फोटो भी साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिक जानकारी के लिए थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के दूरभाष नंबर 01972-222214 पर संपर्क किया जा सकता है।