रामपुर बुशहर में भालुओं का आतंक जारी, गोशाला में घुसकर गाभिन गाय पर हमला

27 जनवरी: उपमंडल रामपुर बुशहर में भालुओं के आतंक का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात नीरथ पंचायत के डोईधार गांव में एक भालू ने गोशाला में घुसकर गाभिन गाय पर हमला कर दिया, जिससे गाय गंभीर रूप से घायल हो गई।

स्थानीय निवासी रामानंद मेहता ने घटना को लेकर प्रदेश सरकार को पत्र लिखकर भालू को पकड़ने और घायल गाय के इलाज की मांग की है। ग्रामीणों विशाल, अनिल, विजय और अंकुश ने बताया कि पिछले तीन महीनों से क्षेत्र में लगातार भालू के हमले हो रहे हैं। अब तक एक गाय की मौत हो चुकी है, जबकि तीन अन्य मवेशी घायल हुए हैं।

ग्रामीणों के अनुसार बीती रात भालू ने रामानंद मेहता के घर से सटी गोशाला का दरवाजा तोड़कर गाय को लहूलुहान कर दिया। घटना की सूचना तुरंत ग्राम पंचायत, वन विभाग, पशुपालन विभाग और पुलिस प्रशासन को दी गई।

इससे पहले 13 जनवरी की रात बड़ाच गांव में भी भालू ने गोशाला का दरवाजा तोड़कर एक गाय को मौत के घाट उतार दिया था। लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

हालांकि 12 दिसंबर को नावण गांव से एक मादा भालू और उसके दो शावकों को पकड़ा गया था, लेकिन इसके बावजूद हमले जारी हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल सुरक्षा उपाय और भालू को पकड़ने की मांग की है। वहीं वन विभाग का कहना है कि भालू को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए जा रहे हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *