29 मई: राजस्थान के सीकर में NEET परीक्षा विवाद के बाद छात्र की मौत के मामले पर अब सियासी घमासान शुरू हो गया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद बीजेपी ने सवाल खड़े किए हैं। विवाद उस समय बढ़ा जब मुलाकात में शामिल एक व्यक्ति को लेकर बीजेपी ने गंभीर आरोप लगाए।
बीजेपी का दावा है कि राहुल गांधी और पीड़ित परिवार की मुलाकात में एक कथित हिस्ट्रीशीटर मौजूद था। पार्टी ने आरोप लगाया कि राजेश जोया उर्फ ‘सरकार’ नाम का व्यक्ति गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग से जुड़ा हुआ है और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं।
वहीं, NSUI ने इन आरोपों को खारिज करते हुए सफाई दी है। NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि राहुल गांधी से मिलने वाले लोगों के नाम पीड़ित परिवार ने स्वयं तय किए थे। उन्होंने बताया कि राजेश जोया को परिवार ने मृतक छात्र का रिश्तेदार बताया था।
NSUI का कहना है कि राजेश जोया कोई अपराधी नहीं, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक आंदोलनों से जुड़ा व्यक्ति है। संगठन के अनुसार उसके खिलाफ दर्ज मामले आंदोलन और प्रदर्शन से जुड़े हैं, न कि किसी गैंगस्टर गतिविधि से।
गौरतलब है कि सीकर के छात्र प्रदीप माहिच ने कथित तौर पर परीक्षा रद्द होने के बाद तनाव में आकर अपनी जान दे दी थी। परिवार का आरोप है कि परीक्षा विवाद और मानसिक दबाव के चलते छात्र गहरे तनाव में था।
राहुल गांधी ने 27 मई को दिल्ली में पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया था। इस मुलाकात की तस्वीरें सामने आने के बाद अब मामला राजनीतिक बहस का विषय बन गया है।