4 जून: शिक्षक बनने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए नेशनल काउंसिल ऑफ एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग (NCERT) ने कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन (CEE) 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर 5 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इस प्रवेश परीक्षा के माध्यम से बी.एड., एम.एड., इंटीग्रेटेड बी.एड.-एम.एड., इंटीग्रेटेड एमएससी-एड. तथा एजुकेशन टेक्नोलॉजी में एमए सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा। ये पाठ्यक्रम शिक्षण क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों को पेशेवर प्रशिक्षण प्रदान करते हैं।
एनसीईआरटी सीईई 2026 का आयोजन 28 जून 2026 को किया जाएगा। परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में होगी। परीक्षा केंद्र और अन्य जरूरी जानकारी एडमिट कार्ड जारी होने के बाद उपलब्ध करवाई जाएगी।
पात्रता की बात करें तो दो वर्षीय बी.एड. पाठ्यक्रम के लिए अभ्यर्थी के पास स्नातक या स्नातकोत्तर में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक होने चाहिए। इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं। इंटीग्रेटेड एमएससी-एड. के लिए 12वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है, जबकि सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत और बी.एड.-एम.एड. कार्यक्रम के लिए 45 प्रतिशत अंक जरूरी हैं। वर्ष 2024 और 2025 में 12वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं।
इंटीग्रेटेड बी.एड.-एम.एड. कार्यक्रम में प्रवेश के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित विषय में स्नातकोत्तर डिग्री होनी चाहिए। इसके साथ न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक या समकक्ष ग्रेड प्राप्त होना अनिवार्य है। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी एनसीईआरटी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध अधिसूचना देख सकते हैं।