मंडी में 52वीं हॉट वेदर फुटबॉल प्रतियोगिता संपन्न, होशियारपुर की रायत-बाहरा यूनिवर्सिटी बनी चैंपियन

23 नवम्बर:मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में आयोजित 52वीं हॉट वेदर फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन खेल उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में रायत-बाहरा यूनिवर्सिटी, होशियारपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऊना की टीम को 2-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में कुल आठ टीमों ने भाग लिया।

जिला खेल परिषद और फुटबॉल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया। समापन समारोह की अध्यक्षता उपायुक्त एवं जिला खेल परिषद के अध्यक्ष अपूर्व देवगन ने की। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित कर खिलाड़ियों की सराहना की।

इस अवसर पर उपायुक्त अपूर्व देवगन ने कहा कि खेल युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने का प्रभावी माध्यम हैं। खेलों से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होने के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर अपनी ऊर्जा खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों में लगाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। खेल गतिविधियों में भागीदारी बढ़ाकर युवा न केवल स्वयं को स्वस्थ रख सकते हैं, बल्कि समाज को भी सकारात्मक संदेश दे सकते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों और सहयोगियों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 1961 में शुरू हुए इस टूर्नामेंट ने अब तक कई उपलब्धियां हासिल की हैं।

प्रतियोगिता का आयोजन मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की खेलो हिमाचल मुहिम और प्रदेश सरकार के नशामुक्ति अभियान को आगे बढ़ाने की दिशा में किया गया। इस आयोजन के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, खेलों से जुड़ने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *