4 जून: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) जोनल अस्पताल में को 45 दिन की एक मासूम बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बच्ची की पहचान संजौली निवासी कियांशी के रूप में हुई है। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं, जबकि परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।
जानकारी के अनुसार, बच्ची को बुधवार सुबह करीब 11 बजे नियमित टीकाकरण के लिए डीडीयू अस्पताल लाया गया था। टीकाकरण के बाद अस्पताल में कुछ समय तक निगरानी रखने के उपरांत उसे घर भेज दिया गया। परिजनों का आरोप है कि दोपहर करीब 2 बजे बच्ची की हालत अचानक बिगड़ गई और उसके नाक से खून बहने लगा। इसके बाद उसे तुरंत इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) ले जाया गया।
आईजीएमसी में चिकित्सकों ने बच्ची को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसे मृत घोषित कर दिया गया। पोस्टमार्टम के दौरान मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका है। चिकित्सकों ने बच्ची का बिसरा सुरक्षित रखकर जांच के लिए स्टेट फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) जुन्गा भेज दिया है। अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। स्वास्थ्य विभाग भी पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहा है। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।