29 अगस्त: आईआईटी मद्रास ने ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (GATE) 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।
इस बार GATE 2027 के आवेदन प्रक्रिया में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। बिना विलंब शुल्क के आवेदन करने की अंतिम तिथि 27 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद उम्मीदवार 5 अक्टूबर तक विलंब शुल्क के साथ आवेदन कर सकेंगे। आवेदन में सुधार के लिए 14 से 21 अक्टूबर तक करेक्शन विंडो उपलब्ध रहेगी।
GATE 2027 के लिए सभी भारतीय नागरिकों के लिए डिजिलॉकर आधारित रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किया गया है। उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले अपना वेरिफाइड डिजिलॉकर अकाउंट तैयार रखना होगा। रजिस्ट्रेशन के दौरान नाम, जन्म तिथि, मोबाइल नंबर, ईमेल, फोटो, पता और पहचान पत्र से संबंधित जानकारी डिजिलॉकर से प्राप्त की जाएगी। उम्मीदवारों को फॉर्म जमा करने से पहले सभी जानकारी की जांच कर लेनी चाहिए।
इस बार GATE परीक्षा में रोबोटिक्स और ऑटोमेशन का नया टेस्ट पेपर भी शामिल किया गया है। इसके साथ ही कुल टेस्ट पेपर की संख्या बढ़कर 30 हो जाएगी। आईआईटी मद्रास ने कुछ मौजूदा पेपर कोड और सिलेबस में भी बदलाव किए हैं।
आवेदन के लिए उम्मीदवारों को वैध फोटो पहचान पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, स्कैन किया हुआ हस्ताक्षर, डिग्री या प्रोविजनल डिग्री सर्टिफिकेट अथवा अंतिम वर्ष/सेमेस्टर की मार्कशीट और लागू होने पर जाति प्रमाण पत्र की आवश्यकता होगी।
उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले सभी जरूरी दस्तावेज और डिजिलॉकर में उपलब्ध जानकारी सही तरीके से जांच लें। परीक्षा से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।