28 अक्तूबर: सतर्कता जागरूकता सप्ताह के उपलक्ष्य पर पंजाब नेशनल बैंक के सर्कल कार्यालय हमीरपुर की ओर से बुधवार को मट्टनसिद्ध स्थित पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बैंक अधिकारियों, आरसेटी के कर्मचारियों और प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया।
इस अवसर पर पंजाब नेशनल बैंक के सर्कल कार्यालय हमीरपुर के प्रमुख अरविंद यादव और आरसेटी के निदेशक अजय कतना ने भी रक्तदान किया। उनके साथ बैंक के अन्य अधिकारियों, आरसेटी के स्टाफ और प्रशिक्षणार्थियों ने भी रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में सर्कल कार्यालय के उपप्रमुख पोविंद्र ठाकुर सहित बैंक के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।