CS दिसंबर परीक्षा 2026 के लिए नामांकन शुरू, 25 सितंबर तक बिना विलंब शुल्क करें आवेदन

29 अगस्त: भारतीय कंपनी सचिव संस्थान (ICSI) ने सीएस एग्जीक्यूटिव और प्रोफेशनल दिसंबर सत्र 2026 की परीक्षाओं के लिए परीक्षा नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट icsi.edu के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। बिना विलंब शुल्क के परीक्षा फॉर्म जमा करने की अंतिम तारीख 25 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।

25 सितंबर के बाद भी अभ्यर्थियों को आवेदन का मौका मिलेगा, लेकिन इसके लिए अतिरिक्त शुल्क देना होगा। 25 सितंबर के बाद परीक्षा फॉर्म जमा करने पर प्रति ग्रुप 250 रुपये विलंब शुल्क निर्धारित किया गया है। यह सुविधा 10 अक्तूबर तक उपलब्ध रहेगी। परीक्षा केंद्र, मॉड्यूल के संयोजन या परीक्षा के माध्यम में बदलाव के लिए भी 250 रुपये शुल्क देना होगा।

सीएस एग्जीक्यूटिव कार्यक्रम में एक मॉड्यूल की परीक्षा फीस 1,500 रुपये है, जबकि दोनों मॉड्यूल के लिए 3,000 रुपये शुल्क देना होगा। अभ्यर्थियों को आवेदन के दौरान चुने गए मॉड्यूल के अनुसार निर्धारित शुल्क का भुगतान करना होगा।

दिसंबर सत्र की सीएस एग्जीक्यूटिव और प्रोफेशनल परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए प्री-टेस्ट पूरा करना अनिवार्य है। बिना विलंब शुल्क के प्री-टेस्ट पूरा करने की अंतिम तारीख 24 सितंबर 2026 शाम 5:30 बजे तक है। इस समयसीमा तक प्री-टेस्ट पूरा नहीं करने वाले अभ्यर्थी 9 अक्तूबर शाम 5:30 बजे तक विलंब शुल्क के साथ इसे पूरा कर सकेंगे।

परीक्षा केंद्र, मॉड्यूल संयोजन और परीक्षा माध्यम में बदलाव की अंतिम तारीख 20 नवंबर निर्धारित की गई है। सीएस एग्जीक्यूटिव और प्रोफेशनल की दिसंबर सत्र की परीक्षाएं 21 से 28 दिसंबर 2026 तक आयोजित की जाएंगी। परीक्षा का समय दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक रहेगा। अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए दोपहर 2 बजे से 2:15 बजे तक अतिरिक्त समय दिया जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *