29 अगस्त: मेडिकल काउंसिलिंग कमेटी (MCC) ने NEET UG 2026 के सेकेंड राउंड की काउंसिलिंग का शेड्यूल जारी कर दिया है। इसके तहत राउंड-2 काउंसिलिंग के लिए रजिस्ट्रेशन और फीस भुगतान की प्रक्रिया 3 से 8 सितंबर 2026 तक चलेगी। वहीं, च्वाइस फिलिंग और लॉकिंग 3 से 9 सितंबर तक की जा सकेगी।
सीट अलॉटमेंट की प्रक्रिया 9 और 10 सितंबर को होगी, जबकि सीट अलॉटमेंट रिजल्ट 11 सितंबर को जारी किया जाएगा। सीट मिलने के बाद उम्मीदवारों को 12 से 18 सितंबर तक संबंधित मेडिकल कॉलेज में रिपोर्ट कर एडमिशन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। 19 सितंबर को ज्वाइन करने वाले उम्मीदवारों का वेरिफिकेशन किया जाएगा।
दूसरे राउंड की काउंसिलिंग में वे विद्यार्थी भी शामिल हो सकते हैं, जिन्हें पहले राउंड में सीट नहीं मिली है या जो बेहतर कॉलेज और कोर्स की उम्मीद में आगे की काउंसिलिंग में भाग लेना चाहते हैं। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि च्वाइस भरने से पहले राउंड-2 की सीट मैट्रिक्स को अच्छी तरह जांच लें और अपनी प्राथमिकता के अनुसार कॉलेज व कोर्स का चयन करें।
उम्मीदवारों को निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी च्वाइस लॉक करनी होगी। अंतिम तारीख के बाद च्वाइस में किसी तरह का बदलाव या उनके क्रम में संशोधन नहीं किया जा सकेगा। सीटों का आवंटन उम्मीदवारों की पसंद, उपलब्ध सीटों और काउंसिलिंग के निर्धारित नियमों के आधार पर किया जाएगा।
रजिस्ट्रेशन के लिए उम्मीदवारों को MCC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर NEET UG काउंसिलिंग राउंड-2 के लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद मांगी गई जानकारी भरकर फीस जमा करनी होगी और पसंद के कॉलेज व कोर्स की च्वाइस दर्ज करनी होगी। च्वाइस को ध्यान से जांचने के बाद निर्धारित समय के भीतर लॉक करना होगा।
महत्वपूर्ण तारीखों के अनुसार रजिस्ट्रेशन और फीस भुगतान 3 से 8 सितंबर, च्वाइस फिलिंग व लॉकिंग 3 से 9 सितंबर, सीट अलॉटमेंट 9 से 10 सितंबर और रिजल्ट 11 सितंबर को जारी होगा। रिपोर्टिंग और ज्वाइनिंग 12 से 18 सितंबर तक होगी, जबकि उम्मीदवारों का वेरिफिकेशन 19 सितंबर को किया जाएगा।