27 मई : पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सरकार अधिकारियों के प्रभाव में काम कर रही है। मंडी में पत्रकारों से बातचीत के दौरान जयराम ठाकुर ने कहा कि जिन अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगे हैं, उन्हें ही सरकार संरक्षण दे रही है।
उन्होंने कार्यवाहक मुख्य सचिव को स्थायी नियुक्ति दिए जाने के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस नियुक्ति को लेकर हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई है और अदालत ने सरकार को नोटिस जारी किया है, ऐसे समय में स्थायी नियुक्ति देना कई सवाल खड़े करता है।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं और सरकार कार्रवाई करने के बजाय उन्हें संरक्षण देने में जुटी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे अधिकारियों को बढ़ावा दे रहे हैं।
वहीं भारत-पाकिस्तान सिंधु जल समझौते के निलंबन को लेकर जयराम ठाकुर ने केंद्र सरकार के फैसले का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि केंद्र ने पाकिस्तान की ओर जाने वाले पानी को उपयोग में लाने के लिए बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी दी है।
उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति क्षेत्र में चिनाब-ब्यास लिंक टनल परियोजना पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे अतिरिक्त पानी को ब्यास बेसिन की ओर मोड़ा जाएगा। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर में भी एक महत्वपूर्ण टनल परियोजना को मंजूरी दी गई है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि इन परियोजनाओं से हिमाचल प्रदेश सहित पंजाब, हरियाणा और राजस्थान को सिंचाई और बिजली उत्पादन के क्षेत्र में लाभ मिलेगा।