वन्य प्राणी वृत्त (उत्तर) धर्मशाला में सेवानिवृत्त पटवारियों के लिए निकली भर्ती, 10 अगस्त तक करें आवेदन

24 जुलाई: हिमाचल प्रदेश वन विभाग के वन्य प्राणी वृत्त (उत्तर), धर्मशाला ने रिक्त पटवारी पदों पर पुनर्नियोजन (री-एंगेजमेंट) के लिए पात्र सेवानिवृत्त राजस्व अधिकारियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में आवश्यक दस्तावेजों सहित 10 अगस्त 2026 तक कार्यालय समय के दौरान आवेदन जमा कर सकते हैं।

मुख्य अरण्यपाल, वन्य प्राणी वृत्त (उत्तर) धर्मशाला ने बताया कि विभाग में कुल दो पटवारी पद भरे जाएंगे। इनमें एक पद डीएफओ वन्य प्राणी मंडल हमीरपुर तथा एक पद वन्य प्राणी मंडल चंबा में तैनाती के लिए निर्धारित है। चयनित अभ्यर्थियों को 40 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा।

आवेदन के लिए अभ्यर्थी का हिमाचल प्रदेश राजस्व विभाग के किसी भी विंग से सेवानिवृत्त अधिकारी होना तथा कम से कम पांच वर्ष की सेवा पूरी करना अनिवार्य है। साथ ही उसके विरुद्ध कोई विभागीय, अनुशासनात्मक या सतर्कता संबंधी मामला लंबित नहीं होना चाहिए। पुनर्नियोजन के लिए अधिकतम आयु सीमा 65 वर्ष तय की गई है।

विभाग के अनुसार पुनर्नियोजन प्रारंभिक तौर पर एक वर्ष के लिए होगा, जिसे आवश्यकता और कार्य प्रदर्शन के आधार पर बढ़ाया जा सकता है। यदि आवेदनों की संख्या अधिक होती है तो कम आयु वाले पात्र अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। पुनर्नियुक्ति पूरी तरह अस्थायी होगी और नियमित अधिकारियों की उपलब्धता अथवा अन्य निर्धारित परिस्थितियों में इसे समाप्त किया जा सकेगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *