24 जुलाई: सुलह विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने और लंबित परियोजनाओं की समीक्षा के लिए गुरुवार को बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष संजय चौहान और वूल फेडरेशन के अध्यक्ष एवं विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्य प्रभारी मनोज कुमार ठाकुर ने अधिकारियों के साथ विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक में दोनों नेताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार के लिए सुलह विधानसभा क्षेत्र का विकास सर्वोच्च प्राथमिकता है। लंबित विकास कार्यों को समयबद्ध पूरा करने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।
संजय चौहान ने कहा कि यदि किसी विकास कार्य में धनराशि की कमी आड़े आती है तो इस मामले को सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा, ताकि परियोजनाएं प्रभावित न हों। वहीं मनोज कुमार ठाकुर ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं के क्रियान्वयन में विभागीय ढिलाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसी लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू प्रदेश के हितों की रक्षा के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रहे हैं और विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने सभी विभागों से बेहतर समन्वय के साथ योजनाओं को समय पर पूरा करने का आह्वान किया।
बैठक में लोक निर्माण, जल शक्ति, पंचायती राज, ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, बिजली बोर्ड, कृषि, वन, पशुपालन और स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस दौरान कई विभागों ने धनराशि और स्टाफ की कमी का मुद्दा भी उठाया, जिस पर दोनों पदाधिकारियों ने सरकार के स्तर पर आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक में उपमंडलाधिकारी (नागरिक) धीरा डीसी ठाकुर, उपमंडलाधिकारी (नागरिक) पालमपुर डॉ. ओपी यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।