25 जुलाई को पिंजौर में होगा वॉइस ऑफ मीडिया का वार्षिक पत्रकार सम्मान एवं स्नेह मिलन समारोह

23 जुलाई, कविता शांति गौतम : विश्व के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय पत्रकार संगठन वॉइस ऑफ मीडिया के हिमाचल प्रदेश और हरियाणा प्रकोष्ठ की ओर से 25 जुलाई को हरियाणा के पंचकूला जिले के पिंजौर स्थित व्हाइट कैसल में वार्षिक पत्रकार सम्मान एवं स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा और राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं भाजपा की वरिष्ठ नेत्री एवं समाजसेवी मनवीर कौर गिल, मीडिया काउंसिल ऑफ जर्नलिस्ट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शांति स्वरूप तथा रंजना शुक्ला विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।

वॉइस ऑफ मीडिया हिमाचल प्रदेश के प्रमुख अध्यक्ष विकास शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य पत्रकारों का सम्मान, संगठनात्मक एकता को मजबूत करना, आपसी सहयोग बढ़ाना और समाज के प्रति मीडिया की जिम्मेदारियों को सशक्त बनाना है। समारोह में हिमाचल प्रदेश और हरियाणा से प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक तथा डिजिटल मीडिया से जुड़े वरिष्ठ और युवा पत्रकार बड़ी संख्या में भाग लेंगे।

उन्होंने कहा कि वॉइस ऑफ मीडिया निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक सरोकारों के लिए लगातार कार्य कर रहा है। संगठन समय-समय पर पत्रकारों के प्रशिक्षण, संवाद, सामाजिक सेवा और जनहित से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन भी करता है।

विकास शर्मा ने बताया कि वर्तमान समय में पत्रकार अनेक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। ऐसे में संवाद, सहयोग और संगठनात्मक एकता को मजबूत करने के उद्देश्य से हर वर्ष यह सम्मान एवं स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया जाता है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पत्रकारों और समाजसेवियों को सम्मानित किया जाएगा तथा पत्रकारिता से जुड़े समसामयिक विषयों पर विचार-विमर्श भी होगा।

समारोह का शुभारंभ सुबह 11 बजे होगा। दोपहर 12 बजे मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन करेंगे। इसके बाद अतिथियों का संबोधन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, पत्रकार सम्मान समारोह और प्रीतिभोज का आयोजन किया जाएगा।

विकास शर्मा ने हिमाचल प्रदेश और हरियाणा के सभी पत्रकारों से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि उनकी गरिमामयी उपस्थिति इस आयोजन को और अधिक सफल एवं यादगार बनाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *