24 जुलाई: उपमंडल गगरेट के अंबोआ गांव में चार दिन से लापता 26 वर्षीय युवती वैशाली का शव गुरुवार सुबह उसके घर से कुछ ही दूरी पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जिस घर में दो माह बाद शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब शोक का माहौल है। परिजनों ने युवती की हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, वैशाली पिछले चार दिनों से लापता थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पहले गुमशुदगी का मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर बुधवार को अपहरण का मामला भी दर्ज किया गया। गुरुवार सुबह युवती का शव उसके घर के समीप बरामद हुआ।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से युवती का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जिसे तकनीकी जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रीजनल फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (आरएफएसएल) की टीम ने भी मौके का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।
डीएसपी अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।