23 जुलाई: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर 26 जुलाई को हमीरपुर में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके अदम्य साहस और बलिदान को नमन किया जाएगा। समारोह को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने गुरुवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा पार्क एवं निर्माणाधीन युद्ध स्मारक परिसर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों और नगर निगम के अधिकारियों को आयोजन स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सैनिक कल्याण विभाग को अधिक से अधिक भूतपूर्व एवं सेवारत सैनिकों तथा उनके परिजनों को समारोह में आमंत्रित करने को कहा।
बैठक में सैनिक कल्याण विभाग के उपनिदेशक स्क्वॉड्रन लीडर (सेवानिवृत्त) मनोज राणा ने समारोह की तैयारियों की जानकारी दी। इस अवसर पर एसपी बलवीर सिंह, थल सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल श्रीधर राजन, नगर निगम आयुक्त राकेश शर्मा, एसडीएम संजीत सिंह, सहायक आयुक्त रजत चौधरी, होमगार्ड्स के कमांडेंट लेफ्टिनेंट कमांडर (सेवानिवृत्त) विनय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।