23 जुलाई: चंबा जिले के चुराह उपमंडल में बुधवार को बैरा डैम के जलाशय में एक अज्ञात शव बहता हुआ दिखाई देने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तुरंत प्रशासन और पुलिस को दी, लेकिन टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही डैम से छोड़े गए तेज पानी के बहाव में शव आगे नदी की ओर बह गया।
जानकारी के अनुसार, उस समय डैम में सिल्ट निकालने का कार्य चल रहा था, जिसके चलते गेट खुले हुए थे। पानी का बहाव इतना तेज था कि शव को सुरक्षित बाहर निकालना संभव नहीं हो सका और वह देखते ही देखते मुख्य नदी की ओर बह गया।
फिलहाल शव की पहचान नहीं हो पाई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि शव ऊपरी क्षेत्र से बहकर डैम तक पहुंचा या फिर इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस और स्थानीय लोग नदी के बहाव वाले क्षेत्र में शव की तलाश कर रहे हैं।
एसपी विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।